AtulSoni
11 months 1 day ago
मान्यवर,
सविनय निवेदन है कि मैं भारत का एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक होने के नाते आपको यह पत्र लिख रहा हूँ। हर घर तिरंगा अभियान, जो आपने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रारंभ किया, अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक रहा। इस पहल ने प्रत्येक भारतीय के हृदय में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक प्रबल किया।
किन्तु, इस अभियान के बाद मैंने एक चिंता जनक स्थिति देखी है। स्वतंत्रता दिवस के कई दिनों या हफ्तों बाद भी कई स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फटे हुए, गंदे या अनुचित अवस्था में लहराते रहते हैं, जो हमारे तिरंगे की गरिमा के विपरीत है। जहाँ भी मैं ऐसा देखता हूँ, मैं व्यक्तिगत रूप से उस ध्वज को उचित सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखता हूँ या निर्धारित नियमों के अनुसार उसका निस्तारण करता हूँ। इसलिए, मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि जिस प्रकार आपने पूरे देश को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया, उसी प्रकार एक अपील यह भी की जाए कि राष्ट्रीय पर्व समाप्त होने के पश्चात ध्वज को आदरपूर्वक उतारा जाए, उसकी उचित देखभाल की जाए अथवा ध्वज संहिता के अनुसार उसका निस्तारण किया जाए।
- अतुल सोनी
Like
(5)
Dislike
(0)
Reply
Report Spam